निगोहां। बदायूं के ग्राम हरगनपुर बिल्सी निवासी अमन (20) का शव शनिवार सुबह निगोहां के ब्रह्मदासपुर गांव में रेलवे क्रॉसिंग के पास जंगल में पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी पहचान की। पुलिस का दावा है कि अमन ने प्रेम प्रसंग के कारण आत्महत्या की है, जबकि ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
शनिवार सुबह लगभग 6:00 बजे ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी। अमन के पिता राजेश ने बताया कि बेटा हरियाणा के रोहतक में मजदूरी करता था। शुक्रवार शाम करीब 8:00 बजे उनकी अमन से बात हुई थी। अमन उस समय काफी परेशान लग रहा था और घर आने से मना कर दिया था। पुलिस को मौके से अमन का बैग भी मिला है। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। एफएसएल टीम ने मौके से कुछ नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे हैं।
वॉइस मैसेज से आत्महत्या की आशंका
पुलिस को अमन के मोबाइल में कुछ वॉइस मेसेज मिले हैं। ये मेसेज अमन ने दो-तीन दिन पहले अपने परिचितों को भेजे थे। मेसेज में उसने जीने का मन न होने की बात कही थी। मोबाइल में ‘जान आई लव’ और ‘लव यू-2’ नाम से दो नंबर भी सेव मिले हैं। अमन ने मौत से पहले अपनी फोटो के साथ चिट्ठी न कोई संदेश… गीत के साथ पोस्ट की थी। जांच में पुलिस को पता चला है कि अमन ने प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की है। अमन की इंस्टाग्राम के माध्यम से निगोहां और मोहनलालगंज क्षेत्र के बीच रहने वाली युवती से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया था।
परिजनों ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाया
एसआई संदीप मिश्रा ने बताया कि अमन के परिजनों ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया है। परिजन लखनऊ आ रहे हैं। वे तहरीर देते हैं तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने अमन की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

अमन की फाइल फोटो।