बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर मजरे इब्राहिमाबाद गांव में 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से एक और ट्यूबवेल कनेक्शन जोड़ने को लेकर अदालत के आदेश पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों में तीखी झड़प हो गई। आरोप है कि दरोगा ने गांव के रामनिवेश को लाठी से पीटकर घायल कर दिया। घटना से उपजे तनाव के बीच आक्रोशित ग्रामीणों ने दरोगा और सिपाहियों को घेर लिया। इस दौरान देर शाम तक हंगामा और हाथापाई की स्थिति बनी रही।
ठाकुरपुर गांव में लगे 25 केवीए के ट्रांसफार्मर से फिलहाल रामनिवेश और रामकुमार के ट्यूबवेल चल रहे हैं। इसी बीच गांव के ही रामप्रसाद ने भी उसी ट्रांसफार्मर से कनेक्शन के लिए आवेदन किया था, जिसकी स्वीकृति मिल गई थी। रामनिवेश और रामकुमार ने ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने का हवाला देते हुए नए कनेक्शन का विरोध किया और 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
मामला अदालत तक पहुंचने के बाद, अदालत के आदेश पर बुधवार को जेई राजकुमार पुलिस टीम के साथ कनेक्शन जुड़वाने पहुंचे थे। टीम में दरोगा लालजी यादव के अलावा सिपाही प्रमोद कुमार, सुरेंद्र कुमार और श्याम सिंह शामिल थे। ग्रामीणों के अनुसार, कनेक्शन जोड़ने का विरोध करने पर रामनिवेश से विवाद बढ़ गया, जिसके बाद दरोगा ने लाठी से उनकी पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने आई रेखा (32), सर्वेश कुमारी (40), नैंसी (17) और छह वर्षीय वैष्णवी के साथ भी मारपीट का आरोप है।
घटना के बाद ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिसकर्मियों को घेर लिया। इस दौरान पुलिस टीम को बंधक बनाए जाने और हाथापाई की स्थिति बन गई। मामला बिगड़ता देख पुलिस टीम किसी तरह मौके से निकली। सूचना पर पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने घायल रामनिवेश को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ समीर कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जांच की और देर रात दोनों पक्षों को थाने बुलाया।
एसपी ने कहा- सिर्फ दोनों पक्षों में बहस हुई
हाईकोर्ट के निर्देश पर पुलिस और विद्युत की टीम कनेक्शन जुड़वाने गई थी। ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों में केवल बहस हुई है। मारपीट का मामला संज्ञान में नहीं आया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। – अर्पित विजयवर्गीय, एसपी