सोमवार तड़के थानगांव थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चहलारी घाट से जल भरने जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों की गाड़ी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। इस दर्दनाक हादसे में दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुल के पास हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थानगांव इलाके के पासीनपुरवा निवासी संतोष और छेद्पुरवा निवासी गुड्डू अपने अन्य साथियों के साथ रेउसा स्थित चहलारी घाट से गंगाजल लेने के लिए निकले थे। वे डीजे वाहन पर सवार होकर जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। गांव से कुछ ही दूरी पर स्थित पुल के पास पहुंचने पर डीजे वाहन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन (HT) विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। वाहन में करंट उतरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।
दो की मौत, तीन सीएचसी में भर्ती
करंट का झटका इतना तेज था कि संतोष और गुड्डू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य साथी गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रेउसा में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने दी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि “हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है और घायलों को इलाज के लिए सीएचसी रेउसा भेजा गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरी घटना की गहनता से जांच की जा रही है।”