Suna Hai Kya:”मुखिया के तेवर से बंधी घिग्गी”, “एक की पावर बढ़ी, एक निराश” और “जगमगाने लगा अफसर का कमरा” – Suna Hai Kya: The Village Head’s Attitude Leaves Them Tongue-tied.


यूपी के विश्वविद्यालयों में आयोजित हो रहे कार्यक्रमों में मुखिया जी के तेवर से ऊपर से लेकर नीचे तक सभी कर्मचारी सहमे हुए हैं। वहीं, पुलिस महकमे में एक अफसर की पावर बढ़ने और एक की घटने की बड़ी चर्चा है। वहीं, खेल विभाग के अधिकारी का कमरा जगमगाने लगा तो अधिकारी का जलवा ही अलग दिखने लगा के किस्से: 

मुखिया के तेवर से बंधी है घिग्गी

यूपी के राज्य विश्वविद्यालयों में इस समय छात्रों के अलंकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। हालांकि, इस समय मुखिया के तेवर से सभी सहमे हुए हैं। मुखिया एक के बाद एक विश्वविद्यालयों का कच्चा चिट्ठा समारोह में खोल रही हैं। ऐसे में एक दिन बाद ही होने वाले एक प्रमुख विश्वविद्यालय के समारोह को लेकर अधिकारियों की घिग्गी बंधी हुई है। हालत यह है कि खोज-खोजकर एक-एक कमी दुरुस्त की जा रही है। फिर भी डर सता रहा है कि मुखिया के कोप का शिकार न होना पड़े।

एक की पावर बढ़ी, एक निराश

पुलिस महकमे के बड़े अफसरों के कार्यक्षेत्रों में बदलाव किए गए हैं। हाल में प्रमोट हुए एक वरिष्ठ अधिकारी की पावर बढ़ी है। एक अधिकारी को शंट कर साइड पोस्टिंग दी गई है। जिले की कमान छिनने से वह मायूस हैं। उनको हटने का तो थोड़ा बहुत अंदाजा था लेकिन जहां भेजा गया उसकी कल्पना नहीं की थी। वहीं, एक अधिकारी ऐसे हैं जो महीनों से लखनऊ कमिश्नरेट की कमान संभालने के लिए जद्दोजहद कर रहे थे। उम्मीद थी कि सीपी की कुर्सी तक की चंद कदमों की दूरी पूरी कर लेंगे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उनके अरमानों पर पानी फिर गया।

जगमगाने लगा कमरा

खेल विभाग के कार्यालय में पिछले दिनों आए नए अधिकारी महोदय का कमरा अब जगमगाने लगा है। दरअसल, इस सरकारी कार्यालय में बड़े साहब को छोड़ दिया जाए तो अन्य अधिकारियों के कमरों में वर्षों पुराने फर्नीचर का इस्तेमाल हो रहा है। जब नए अधिकारी महोदय ने विभाग में एंट्री ली, तो बड़े साहब ने अपने कमरे में नए फर्नीचर की डिमांड कर दी। कुछ दिनों के इंतजार के बाद उनकी मुराद पूरी हो गई और अधिकारी महोदय के कमरे में नया फर्नीचर जगमगाने लगा। मुराद पूरी होने के बाद अधिकारी महोदय का विभाग में जलवा देखते ही बन रहा है, जबकि उनके समकक्ष और बड़े अधिकारी भी पुराने फर्नीचर वाले कमरे में अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं।

आपके पास भी ऐसी कोई जानकारी या समाचार हो तो 8859108085 पर व्हाट्सएप करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *