लखनऊ। साइबर ठगी के जरिए रातों-रात पैसा कमाने का सपना देख रहे लोगों पर कैसरबाग पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसा है। सर्विलांस पश्चिमी और थाना कैसरबाग की संयुक्त टीम ने लाटूश रोड स्थित आशीर्वाद होटल के कमरे से साइबर फ्रॉड से जुड़े लोगों को पकड़ा। कार्रवाई में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 4 बाल अपचारियों को संरक्षण में लिया गया।पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के कमरा नंबर 101 में कुछ लोग बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम मंगवाने और ATM से पैसा निकालने का काम कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कमरे में दबिश दी। वहां मौजूद लोगों की तलाशी ली गई तो 6 ATM कार्ड, 5 मोबाइल फोन, जियो सिम, स्वैपिंग मशीन और ₹5,600 नकद बरामद हुए। घटना में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली।*💰 ₹3.28 करोड़ की रकम पर लगा पुलिस का ब्रेक*पूछताछ और बैंक खातों की जांच में साइबर फ्रॉड की रकम का बड़ा खेल सामने आया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए SBI के 6 खातों में साइबर फ्रॉड से जुड़ी करीब ₹3 करोड़ 28 लाख की रकम को होल्ड/डेबिट फ्रीज करा दिया।*🏧 कमीशन के लालच में बन रहे थे ‘म्यूल अकाउंट*पुलिस के मुताबिक, साइबर ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में मंगवाई जाती थी। इसके बाद ATM से रकम निकालकर दूसरे खातों में जमा की जाती थी और इसके बदले कमीशन लिया जाता था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और शानो-शौकत की जिंदगी जीने के लालच में वे इस काम में शामिल हुए।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रितेश सिंह निवासी गोपालगंज, बिहार और प्रिंस कुशवाहा निवासी काकोरी, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *