{“_id”:”6a977000b5be6a68650fbe5a”,”slug”:”up-monsoon-now-threatens-disaster-four-dead-in-awadh-power-plants-forced-to-shut-down-21-districts-on-aler-2026-09-02″,”type”:”feature-story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”यूपी:तबाही की तरफ बढ़ा मानसून, अवध में चार की मौत; बिजली यूनिट करनी पड़ी बंद.. 21 जिलों में अलर्ट-स्कूल बंद”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}

यूपी में बारिश का दौर जारी, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट!
– फोटो : Amar Ujala
विस्तार
पूरे प्रदेश में लगातार बारिश से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। नदियों के उफनाने से कई जगह बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। कई स्थानों पर कच्चे मकान ढह गए हैं। पेड़ गिर पड़े। अवध के जिलों में अलग-अलग हादसों में पिता-पुत्री समेत चार लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को प्रतापगढ़ में सर्वाधिक 147 मिमी और सोनभद्र में 140 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है
कच्ची दीवार गिरने से सीतापुर के कमलापुर में नेकराम और उनकी पुत्री लक्ष्मी व अमेठी के बाजार शुकुल के फुंदनपुर गांव में सात वर्षीय कोमल की जान चली गई। रायबरेली के जगतपुर में अवधेश मौर्य की भी दीवार ढहने से मौत हो गई। रायबरेली स्थित ऊंचाहार एनटीपीसी परियोजना में जलभराव के कारण चार नंबर यूनिट बंद करनी पड़ी। इससे पहले दो नंबर यूनिट भी बंद हो चुकी है, जबकि पांचवीं यूनिट अनुरक्षण के लिए पहले से बंद है। लगातार बारिश से बहराइच, अंबेडकरनगर, गोंडा, सुल्तानपुर, बाराबंकी में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिन दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। पूर्वी और दक्षिणी जिलों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मध्यांचल में बारिश की रफ्तार धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
बांदा में टूटा बारिश का रिकॉर्ड, कई जिलों में स्कूल बंद
प्रयागराज में अगस्त के दौरान 631.6 मिमी और बांदा में 646 मिमी बारिश दर्ज हुई। इन दोनों जिलों में वर्ष 1901 से अब तक अगस्त में इतनी बारिश कभी दर्ज नहीं की गई। हमीरपुर, महोबा और चित्रकूट जनपद में भी अगस्त की बारिश ने रिकार्ड बनाया है। पीलीभीत में पहाड़ों और नेपाल क्षेत्र में लगातार बारिश से मंगलवार को जिले की नदियां उफना गईं। शारदा नदी का जलस्तर बढ़ने और बनबसा बैराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना पर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया। हालात देखते हुए डीएम ने आठवीं तक के सभी स्कूल आज बंद रखने के आदेश दिए हैं। पीलीभीत के अलावा प्रयागराज में भी स्कूल बंद करने की घोषणा हुई है। इसके अलावा बुधवार की सुबह सीतापुर में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है।