Sitapur:स्कूल बस की टक्कर से किशोर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा; इंस्पेक्टर बोले- दो मिनट में सही हो जाओगे – Teenager Dies After Being Hit By School Bus In Sitapur Family Creates Ruckus


यूपी के सीतापुर में मंगलवार सुबह करीब 8.00 बजे स्कूली बस की टक्कर से 16 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बस को लेकर मिश्रिख की ओर भागने लगा। बस में सवार छात्राओं के शोर मचाने पर चालक ने बस खड़ी करके भाग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली है।

हादसा मछरेहटा थाना क्षेत्र के मछरेहटा-मिश्रिख मार्ग पर धनधारी जंगल के पास काशीपुर मोड़ पर हुआ। बहादुरपुर गांव निवासी सरोज कुमार (16) पुत्र मनोज कुमार सुबह नित्यक्रिया के लिए घर से निकला था। इसी समय मिश्रिख की ओर जा रही स्व. यशोदा कन्या पीजी कॉलेज की स्कूली बस ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

चालक बस खड़ी करके भाग गया

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद चालक ने बस रोकने के बजाय उसे मिश्रिख की ओर दौड़ा दिया। बस में बहादुरपुर गांव की एक दर्जन से अधिक छात्राएं सवार थीं। घटना की जानकारी होने पर छात्राओं ने शोर मचाया। इस पर चालक ने बस खड़ी की और वहां से भाग गया।

हादसे की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मार्ग पर करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर मछरेहटा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार वर्मा, संदना थाना प्रभारी प्रिंस सोनकर और मिश्रिख थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।

इंस्पेक्टर का वीडियो वायरल, कहा- दो मिनट में सही हो जाओगे

इस हादसे के बाद मछरेहटा, मिश्रिख व संदना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान इंस्पेक्टर मिश्रिख प्रदीप सिंह परिजनों से उलझते नजर आए। उन्होंने परिजनों से कहा कि दो मिनट में सही हो जाओगे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *