लखनऊ। एलडीए की वशिष्ठनगर आवासीय योजना को शासन ने मंजूरी दे दी है। इस योजना में स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विभाग को 50 एकड़ जमीन दी जाएगी। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि वशिष्ठ नगर योजना आगरा एक्सप्रेसवे के पास लगभग 1035 एकड़ में विकसित होगी। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत इसे विकसित किया जाएगा। इसमें औद्योगिक, लॉजिस्टिक और व्यावसायिक क्लस्टर नियोजित किए जाएंगे। एमएसएमई विभाग सरदार वल्लभ भाई पटेल रोजगार एवं औद्योगिक क्षेत्र योजना के तहत सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम स्थापित करेगा। इससे युवाओं को रोजगार, कौशल विकास व उद्यमिता के अवसर मिलेंगे। इसके लिए रेवरी, भलिया, गहलवारा, आदमपुर इंदवारा, बहरू और जलियामऊ गांवों की भूमि चिह्नित की गई है। वशिष्ठ नगर योजना आगरा एक्सप्रेसवे, मोहन रोड व लिंक एक्सप्रेसवे जैसे कॉरिडोर से सीधे जुड़ेगी। इससे उद्योग, वेयरहाउसिंग व परिवहन को सीधा लाभ मिलेगा। भूमि जुटाने में लगभग 1328 करोड़ रुपये खर्च होंगे। किसानों से सहमति के आधार पर भूमि अधिग्रहण का कार्य किया जाएगा।