यूपी के बहराइच में सोमवार सुबह श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मां-बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया। ये लोग मटेरा के जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक कर घर लौट रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नानपारा के चौक बाजार निवासी भोला सरकार (45) अपनी पत्नी सुमित्रा (40) और बेटी गहना (17) के साथ मटेरा स्थित बाबा जंगली नाथ मंदिर में जलाभिषेक करने गए थे। परिजनों के अनुसार, मंदिर में अधिक भीड़ होने की आशंका के चलते तीनों रविवार रात ही मंदिर क्षेत्र पहुंच गए थे।
सोमवार तड़के पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने के बाद परिवार बाइक से सुबह नानपारा स्थित अपने घर लौट रहा था। नानपारा-बहराइच मार्ग पर टोल प्लाजा के पास कुछ देर रुकने के बाद करीब पांच बजे वे नानपारा की ओर रवाना हुए। इसी दौरान टोल प्लाजा और श्रावस्ती किसान सहकारी चीनी मिल के बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में सुमित्रा और उनकी बेटी गहना की मौके पर ही कुचलकर मौत हो गई। जबकि भोला सरकार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने मां-बेटी के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटाने के साथ ही दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। हादसे की खबर नानपारा पहुंचते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत से चौक बाजार क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।